
सूरत। सुमुल डेयरी प्रबंधन समिति चुनाव 2026 को लेकर सूरत और तापी जिले की सहकारिता राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। 16 सीटों के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसमें भाजपा के सभी 16 अधिकृत उम्मीदवारों ने शुभ मुहूर्त में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें से 5 सीटों पर किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते भाजपा के पांच उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए हैं। अब शेष 11 सीटों पर चुनावी मुकाबला होगा।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष भरतभाई राठौड़, विधायक संदीप देसाई, राजू पाठक समेत कई नेता मौजूद रहे। भरतभाई राठौड़ ने बताया कि सूरत जिले की 9 और तापी जिले की 7 सीटों सहित कुल 16 सीटों के लिए उम्मीदवार तय किए गए थे। अंतिम तिथि तक चोर्यासी, कामरेज, मांगरोल, बारडोली और पलसाना सीटों पर कोई अन्य नामांकन नहीं आने से भाजपा उम्मीदवारों की जीत निर्विरोध तय हो गई।
निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में चोर्यासी से संदीप देसाई, कामरेज से बलवंत पटेल, मांगरोल से राजू पाठक, बारडोली से अजीतभाई पटेल और पलसाना से भरतसिंह सोलंकी शामिल हैं।
इस बीच वालोड सीट से नरेश पटेल और ओलपाड सीट से वसंतभाई पटेल के बागी तेवर भी चर्चा में हैं। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि दोनों अधिकृत उम्मीदवार नहीं हैं। पार्टी नेताओं ने उन्हें नाम वापस लेने के लिए मनाने की बात कही है। यदि वे नहीं मानते, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन या निष्कासन तक की कार्रवाई की जा सकती है।




