
सूरत। अलथाण क्षेत्र के एक जमीन दलाल और फ्लैट सेलिंग कंसल्टेंसी संचालक से 250 करोड़ रुपये की लोन दिलाने का झांसा देकर 1.11 करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर अलथाण पुलिस ने डिंडोली-खरवासा निवासी भगवान पाटील और अहमदाबाद के पंकज भावसार के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ओलपाड तालुका के संधियेर गांव स्थित कुमकुम बंगलोज निवासी और मूल जूनागढ़ जिले के माणावदर तहसील के देसिंगा गांव के रहने वाले भौतिक रमेश मणवर अलथाण के रूंगटा शॉपिंग सेंटर में “रियलिटी 36 डी” नाम से ऑफिस चलाते हैं। वह फ्लैट कंसल्टेंसी, बड़े बिल्डरों को फ्लैट बिक्री और प्रोजेक्ट के लिए जमीन खरीद-बिक्री का काम करते हैं। उन्हें अडाजण, वेसु, कतारगाम और नानपुरा क्षेत्र में प्रोजेक्ट शुरू करने तथा जमीन खरीदने के लिए बड़ी रकम की लोन की जरूरत थी।
इसी दौरान परिचित दीपक मांगे ने भौतिक की मुलाकात डिंडोली-खरवासा रोड स्थित पंचदेव बंगलोज निवासी भगवान भीक्त सुखलाल पाटील से कराई। भगवान पाटील ने दावा किया कि वह अपने अहमदाबाद स्थित सहयोगी पंकज भावसार के जरिए 250 करोड़ रुपये की लोन मंजूर करवा देंगे। इसके एवज में 1.11 करोड़ रुपये कमीशन मांगा गया। आरोप है कि भौतिक मणवर और दीपक मांगे ने अलग-अलग समय पर सूरत से आंगड़िया के जरिए यह रकम अहमदाबाद में पंकज भावसार को भिजवाई, लेकिन न तो लोन मंजूर करवाई गई और न ही रकम लौटाई गई। बाद में दोनों आरोपित बहाने बनाकर समय टालते रहे। शिकायत के आधार पर अलथाण पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



