businessTextileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

कपड़ा मार्केटों में मनपा की कचरागाड़ियों के सुपरवाइजरों पर वसूली का आरोप, फोस्टा ने कमिश्नर से की शिकायत

यूनिवर्सल, जश, अन्नपूर्णा और अंबाजी मार्केट के मैनेजरों ने उठाया मुद्दा, पैसे नहीं देने पर कचरा नहीं उठाने का आरोप

सूरत। रिंग रोड स्थित टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर नया विवाद सामने आया है। विभिन्न कपड़ा मार्केटों के प्रबंधकों ने मनपा की कचरागाड़ियों से जुड़े सुपरवाइजरों पर अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। शिकायतें मिलने के बाद फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) ने सूरत महानगरपालिका आयुक्त को लिखित शिकायत भेजकर मामले की जांच और नियमों को स्पष्ट करने की मांग की है।

फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम द्वारा मनपा आयुक्त एम. नागराजन को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मार्केट क्षेत्र में मनपा की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियां नियमित रूप से आती हैं। इसके बावजूद रिंग रोड मार्केट क्षेत्र के सेंट्रल जोन में स्थित कई मार्केटों के मैनेजरों ने शिकायत की है कि कचरा उठाने वाले सुपरवाइजरों की ओर से पैसे की मांग की जा रही है।

फोस्टा के अनुसार यूनिवर्सल मार्केट, जश मार्केट, अन्नपूर्णा मार्केट और अंबाजी मार्केट के प्रबंधकों ने इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर कचरा उठाने में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे मार्केट परिसरों में गंदगी फैल रही है और व्यापारियों में असंतोष का माहौल है।

मामले को गंभीर मानते हुए फोस्टा ने मनपा से यह भी पूछा है कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था किस नियम के तहतव संचालित होती है, सूखे और गीले कचरे के लिए अलग व्यवस्था है या नहीं, और टेक्सटाइल मार्केट से कचरा उठाने के लिए कोई अधिकृत शुल्क तय किया गया है या नहीं। यदि कोई शुल्क लिया जाता है तो उसके नियम और दर सार्वजनिक किए जाएं। अब इस शिकायत पर मनपा क्या कार्रवाई करती है, इस पर व्यापारियों की नजर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button