सूरत में जलभराव वाले इलाकों से युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी
हाई टाइड के बीच नगर आयुक्त एम. नागराजन की अपील—बिना जरूरी काम घर से न निकलें, सुरक्षित स्थान पर रहें

सूरत। पिछले 24 घंटों से सूरत सहित पूरे दक्षिण गुजरात में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रभावित क्षेत्रों में सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) द्वारा युद्धस्तर पर 24×7 राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त एम. नागराजन के मार्गदर्शन में विभिन्न जोनों में रेस्क्यू अभियान के दौरान लिम्बायत जोन के गीता नगर से 8, वराछा जोन में शीतला माता मंदिर के पास से 2 तथा उधना जोन के पांडेसरा स्थित कृष्णा नगर क्षेत्र से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा लिम्बायत जोन के मिठीखाड़ी क्षेत्र में पानी में फंसे एक व्यक्ति का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।
फायर एवं इमरजेंसी विभाग की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। आवश्यकता वाले स्थानों पर नाव और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।
नगर आयुक्त एम. नागराजन ने बताया कि फिलहाल शहर की स्थिति नियंत्रण में है। जिन निचले इलाकों में पानी भरा है, वहां से जल निकासी का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर उनके रहने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि हाई टाइड की स्थिति को देखते हुए अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें




