महेश नवमी पर दो दिवसीय मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन, अधिकाधिक रक्तदान करने की अपील
सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार की पहल, विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जाएंगे शिविर
सूरत। महेश नवमी के पावन अवसर पर सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय मेगा रक्तदान अभियान-2 का आयोजन किया जा रहा है। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न व्यापारिक एवं आवासीय क्षेत्रों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी एवं महेश पुंगलिया ने बताया कि प्रथम चरण में शुक्रवार, 19 जून को रिंग रोड एवं सारोली मार्केट क्षेत्र में तथा दूसरे चरण में 21 जून, रविवार को पर्वत पाटिया, श्याम मंदिर, वेसू एवं सिटी लाइट रेजीडेंसी क्षेत्र में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। दोनों दिनों में शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होंगे।
सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज ने समाजजनों एवं नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।
जिला सभा सचिव अतीन बाहेती ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचा सकता है। रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक प्रक्रिया है तथा इससे शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होने के कारण रक्तदान को जीवनदान माना जाता है।
अभियान के संयोजक रामवतार झंवर एवं अनिल मणियार ने बताया कि सूरत जिला माहेश्वरी सभा, रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार, विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं, सूरत जिला माहेश्वरी युवा संगठन एवं समाज की अन्य संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इस सेवा अभियान में सभी से सहभागिता की अपेक्षा है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।




