
सूरत। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) की ओर से मंगलवार शाम मिलेनियम मार्केट प्रांगण में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत, वस्त्र उद्योग के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, निर्यात वृद्धि, तकनीकी नवाचार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर 12 मीटर लंबे विशेष वस्त्र पर केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रदर्शित किया गया। यह वस्त्र प्लास्टिक रिसाइक्लिंग से निर्मित फैब्रिक से तैयार किया गया था, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास यात्रा की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वस्त्र उद्योग के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों, पीएम मित्रा पार्क योजना, तकनीकी वस्त्र मिशन, निर्यात प्रोत्साहन तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में रोजगार सृजन जैसे विषयों की जानकारी भी विशेष वस्त्र के माध्यम से दी गई। उपस्थित सदस्यों ने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम में फोस्टा के पदाधिकारी, विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।



