businessTextileक्राइमसूरत सिटी

सारोली की आरआरटीएम-2 मार्केट की सातवीं मंजिल से कूदकर कपड़ा व्यापारी ने की आत्महत्या

मोबाइल फोन साथ लेकर नीचे कूदे यश जैन, आत्महत्या के कारणों का अब तक नहीं चला पता

सूरत। सारोली स्थित राधारमण टेक्सटाइल मार्केट-2 (RRTM-2) में मंगलवार शाम एक युवा कपड़ा व्यापारी ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मार्केट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर कूदा था, जो नीचे गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले के कुचामन गांव के मूल निवासी तथा वर्तमान में सिटीलाइट क्षेत्र स्थित आशीर्वाद पार्क में परिवार के साथ रहने वाले 23 वर्षीय यश नवीनभाई जैन सारोली रोड स्थित आरआरटीएम-2 मार्केट की सातवीं मंजिल पर दुकान नंबर 7010 में ‘वारूसी एपेरल’ नाम से सूट और कपड़े के व्यवसाय में भागीदार थे। उनके पिता भी इसी मार्केट में दुकान नंबर 7027 में कारोबार करते हैं। यश की करीब एक वर्ष पूर्व सगाई भी हुई थी।

बताया गया है कि मंगलवार सुबह वह रोज की तरह अपनी दुकान पर पहुंचे थे। शाम करीब 5:15 बजे वह दुकान से बाहर निकले और सातवीं मंजिल की गैलरी के पैसेज से अचानक नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय यश अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गए थे। नीचे गिरने से मोबाइल पूरी तरह टूट गया। मोबाइल साथ लेकर आत्महत्या करने की घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

सूचना मिलने पर सारोली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button