Textileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

सूरत मनपा का क्लर्क 3,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

ACB की ट्रैप कार्रवाई, टैक्स बढ़ाने की धमकी देकर मांगी थी घूस

सूरत। सूरत महानगरपालिका (मनपा) में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वराछा जोन कार्यालय में कार्यरत आकलन विभाग के क्लास-3 क्लर्क राकेश कुमार चंदुभाई श्रीमाली (35) को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था। निरीक्षण के दौरान आरोपी क्लर्क ने उस कमरे को व्यावसायिक गोदाम बताकर उसका प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने की बात कही। आरोपी ने शिकायतकर्ता को डराया कि गोदाम के रूप में दर्ज होने पर उसे प्रतिवर्ष करीब 12,000 रुपये अतिरिक्त कर देना पड़ सकता है।

इसके बाद क्लर्क ने टैक्स को आवासीय श्रेणी में ही बनाए रखने और अतिरिक्त कर से बचाने के बदले 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे, इसलिए उन्होंने एसीबी से संपर्क कर पूरी जानकारी दी।

शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी से मिलने पहुंचे। वराछा जोन कार्यालय के पास फुटपाथ पर हुई मुलाकात के दौरान आरोपी ने फिर से रिश्वत की मांग की और शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की राशि स्वीकार कर ली। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

एसीबी ने आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली है। सरकारी कर्मचारी द्वारा पद का दुरुपयोग कर अवैध वसूली करने के मामले में उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button