श्री अशोक परमार पुनः मनोनीत हुए तेरापंथी सभा, किलपॉक के अध्यक्ष
प्रथम वार्षिक अधिवेशन में सर्वसम्मति से हुआ चयन, आगामी दो वर्षीय कार्यकाल की जिम्मेदारी सौंपी गई

चेन्नई। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, किलपॉक, चेन्नई का प्रथम वार्षिक अधिवेशन रविवार को तेरापंथ जैन विद्यालय, पट्टालम में आयोजित हुआ। नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ अधिवेशन की शुरुआत हुई तथा सहमंत्री विकास सेठिया ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया।
सभा अध्यक्ष अशोक परमार ने स्वागत उद्बोधन में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग एवं समर्थन के लिए पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। मंत्री विजय सुराणा ने वार्षिक प्रतिवेदन तथा कोषाध्यक्ष इन्दरचन्द बोथरा ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इस अवसर पर दिवंगत श्रावक-श्राविकाओं एवं सभा सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
चुनाव अधिकारी गौतमचन्द डागा एवं सह-अधिकारी प्रसन्न बोथरा ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन प्राप्त हुआ है। इसके बाद अशोक परमार को सर्वसम्मति से सत्र 2026-2028 के लिए पुनः अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया तथा उन्हें दायित्व पत्र सौंपा गया।
पुनर्निर्वाचित अध्यक्ष अशोक परमार ने समाज द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए नवीन तेरापंथ भवन सहित विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी के सहयोग का आह्वान किया। अधिवेशन में समाज के अनेक गणमान्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन मंत्री विजय सुराणा ने किया तथा आभार ज्ञापन विकास सेठिया ने प्रस्तुत किया।



