सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

राजस्थान युवा संघ में बाबा बालकनाथ का भव्य स्वागत, युवाओं को समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

सूरत प्रवास के दौरान सम्मान समारोह आयोजित, राजस्थान समाज की संस्कृति व मूल्यों के संरक्षण में संघ की भूमिका की सराहना

सूरत। राजस्थान के लोकप्रिय विधायक एवं संत बाबा बालकनाथ के सूरत प्रवास के अवसर पर राजस्थान युवा संघ, सूरत द्वारा संघ कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान युवा संघ के उपाध्यक्ष रामावतार जी के संबोधन से हुई। उन्होंने संस्था के विज़न एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन की मजबूती तथा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इसके बाद संघ के सचिव जगदीश शर्मा ने राजस्थान युवा संघ का परिचय प्रस्तुत करते हुए संगठन द्वारा समाजहित में संचालित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ पदाधिकारी विश्वनाथ पचेरिया ने कहा कि राजस्थान युवा संघ सूरत में निवासरत लगभग 10 लाख राजस्थान समाजजनों का प्रतिनिधित्व करने वाली अग्रणी संस्था है, जो समाज की एकता, उत्थान और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

अपने संबोधन में बाबा बालकनाथ ने राजस्थान युवा संघ के कार्यों की सराहना करते हुए गुजरात की धरती पर राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्था को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज द्वारा अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखना अत्यंत प्रेरणादायक और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने शिक्षा, संगठन, संस्कार और सेवा भाव को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संगठन मंत्री अशोक सारस्वत, महेंद्र चौधरी, गिरधारी राजपुरोहित, सहसचिव शक्ति सिंह, सह-कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, पंकज शर्मा, गणपत भाटी, मीडिया प्रभारी शीशपाल रातूसारिया, मनोहर वैष्णव, वीरेंद्र राजावत, विक्रम राव, श्याम माली सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में बाबा बालकनाथ का सम्मान किया गया तथा उपस्थित अतिथियों एवं समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button