Uncategorized

वेसु स्थित जीएसटी कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में लगी आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

सूरत। वेसु वीआईपी रोड स्थित जीएसटी कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग चौथी मंजिल पर स्थित रिकॉर्ड रूम में भड़कने के कारण पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिसके चलते कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को तत्काल बाहर निकालना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार वेसु स्थित वीआईपी रोड पर व्हाइट हाउस बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंटेलिजेंस (DGGI) का कार्यालय संचालित है, जहां टैक्स चोरी से संबंधित रिकॉर्ड रखा जाता है। सोमवार सुबह कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कमरे में बड़ी मात्रा में धुआं भर जाने से कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही तीन फायर स्टेशनों से छह दमकल गाड़ियों के साथ फायर कर्मियों का दल मौके पर पहुंचा। धुएं की तीव्रता अधिक होने के कारण चार से पांच फायर जवानों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर अंदर प्रवेश किया। धुआं बाहर निकालने के लिए कार्यालय की खिड़कियों के कांच तोड़ने पड़े। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर लगभग डेढ़ से दो घंटे तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया और आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया, जिससे इमारत की अन्य कार्यालय इकाइयों को सुरक्षित बचा लिया गया।

आग की घटना में रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलें, महत्वपूर्ण दस्तावेज, पीओपी सामग्री, वायरिंग सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की घटना सामने नहीं आई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button