Uncategorized

सूरत मनपा में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती शुरू, 15 मई से पहले खुलेंगे पत्ते

सूरत। सूरत महानगरपालिका के शासक पक्ष में पिछले कई दिनों से चल रही “मेयर कौन?” की चर्चाएं अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 15 मई से पहले सूरत को नया मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति का चेयरमैन मिल जाएगा। इसे लेकर गांधीनगर से बड़े राजनीतिक फैसलों के संकेत मिल रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, गांधीनगर हाईकमान ने संभावित नामों की सूची लगभग तैयार कर ली है। इस बार मेयर पद महिला आरक्षित होने के कारण कई महिला कॉर्पोरेटरों ने अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए लॉबिंग तेज कर दी थी, लेकिन अंतिम निर्णय संगठन की रणनीति और अनुशासन के आधार पर लिया जाएगा। केवल मेयर ही नहीं, बल्कि डिप्टी मेयर और स्थायी समिति चेयरमैन जैसे प्रभावशाली पदों पर भी बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं।

राजनीतिक चर्चाओं और सोशल मीडिया में जिन नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, उनमें से कई दावेदारों के पत्ते कट सकते हैं। माना जा रहा है कि गांधीनगर से आने वाला अंतिम “मैंडेट” कई समीकरण बदल देगा। शासक दल में अनुशासन का सख्त संदेश देने के साथ प्रशासन में पारदर्शिता और कार्यशैली में कड़ाई लाने की तैयारी भी दिखाई दे रही है।

सूत्रों का कहना है कि इस बार पुराने चेहरों की जगह नए, शिक्षित और सक्रिय चेहरों को प्राथमिकता मिल सकती है। जिन कॉर्पोरेटरों की कार्यप्रणाली और रिपोर्ट संतोषजनक नहीं रही, उन्हें सत्ता से दूर रखा जा सकता है।

सभी नामों पर अंतिम मुहर गांधीनगर हाईकमान की ही रहेगी, जिससे स्थानीय स्तर की लॉबिंग इस बार असरहीन साबित हो सकती है। अब सूरत की नई सत्ता टीम कैसी होगी, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है। 15 मई से पहले सभी प्रमुख पदों पर तस्वीर साफ होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button