कपड़ा व्यापारी से 1.20 लाख रुपये की उगाही मामले में शिवा झाला गिरफ्तार

सूरत। शहर के चर्चित ड्रग माफिया शिवा झाला उर्फ शिवो दरबार और उसके भाई की एक और करतूत सामने आई है। कपड़ा व्यापारी को चाकू की नोक पर धमकाकर 1.20 लाख रुपये की उगाही करने के मामले में सलाबतपुरा पुलिस ने आरोपी शिवा झाला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद भी उसका रवैया नहीं बदला और रविवार को मीडिया कर्मियों को कैमरे के सामने ही “अपने नंबर देते जाना” कहकर अप्रत्यक्ष धमकी दी।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र निवासी और वर्तमान में मानदरवाजा हलपति कॉलोनी में रहने वाले कपड़ा व्यापारी अभिषेक उर्फ रोहन राजेंद्र देवरे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 जुलाई 2025 की रात वह अपने मित्र से मिलने के लिए भाठेना स्थित उमियामाता मंदिर के पास से गुजर रहे थे। उसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में शिवराजसिंह उर्फ शिवा दरबार अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि शिवा झाला ने व्यापारी को धमकाते हुए कहा कि यदि इलाके में शांति से कपड़े का व्यापार करना है तो हर महीने 50 हजार रुपये हप्ता देना होगा। विरोध करने पर आरोपी ने व्यापारी के साथ मारपीट की, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बैग में रखे 1 लाख रुपये छीन लिए।
इसके बाद 14 फरवरी 2026 को व्यापारी फिर उमियामाता मंदिर के पास गया था। वहां शिवा झाला, उसका भाई राम झाला और एक अन्य युवक ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने कहा कि “हप्ता क्यों नहीं देता?” और व्यापारी के पेट पर चाकू रखकर उससे 20 हजार रुपये और वसूल लिए।
लगातार धमकियों से परेशान होकर व्यापारी ने आखिरकार सलाबतपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शिवराजसिंह उर्फ शिवा दरबार झाला तथा उसके भाई राम झाला निवासी पंचशील नगर, भाठेना के खिलाफ जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिवा झाला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।
पहले भी मांग चुका है माफी
गौरतलब है कि हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद शिवा झाला ने सोशल मीडिया पर विवादित रील्स पोस्ट कर खुद को “दुनिया का राजा” बताया था और पुलिस को चुनौती दी थी। इसके बाद सूरत एसओजी ने उसे पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई थी। उस समय उसने कहा था, “मैं पंचशील नगर का लुख्खा हूं, ड्रग्स का धंधा करता हूं, अब दोबारा ऐसी लुख्खागीरी नहीं करूंगा।”
इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भी वह लगातार विवादित बयान देता रहा है। कुछ समय पहले लाजपोर जेल से बाहर आने के बाद उसने राजकोट जेल के कथित वसूली प्रकरण को लेकर भी पुलिस पर निशाना साधा था।
मीडिया कर्मियों को भी धमकी
रविवार को जब मीडिया कर्मी आरोपी शिवा झाला का वीडियो शूट करने पहुंचे तो उसने कैमरे के सामने ही कहा, “अपने नंबर देते जाना।” इस बयान को मीडिया कर्मियों को दी गई अप्रत्यक्ष धमकी के रूप में देखा जा रहा है।



