
सूरत।कपड़ा बाजारों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को लेकर फोस्टा और टोरेंट पावर के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य इन घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपायों पर चर्चा करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु समन्वित कार्ययोजना तैयार करना रहा।
फोस्टा के महामंत्री दिनेश कटारिया ने जानकारी दी कि टोरेंट पावर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कई दुकानों में निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली लोड का उपयोग किया जा रहा है, जो आग लगने का बड़ा कारण बन सकता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों का वास्तविक लोड विवरण टोरेंट पावर को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार किए जा सकें।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वायर जॉइंट के लिए केवल ब्लैक टेप के बजाय कनेक्टर या टर्मिनल का उपयोग किया जाए, जिससे ढीले कनेक्शन, स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट जैसी समस्याओं को कम किया जा सके और वायरिंग अधिक सुरक्षित बन सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि 10 किलोवाट तक लोड वृद्धि की प्रक्रिया सरल है और इसमें किसी जटिल कागजी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होती।
टोरेंट पावर के प्रतिनिधियों ने आगजनी के प्रमुख कारणों में अस्थायी वायरिंग का अधिक उपयोग, एसी की नियमित सर्विसिंग का अभाव और विद्युत उपकरणों का असुरक्षित उपयोग बताया। इन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
साथ ही जानकारी दी गई कि बाजारों में सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं और कई स्थानों पर नोटिस भी जारी किए गए हैं। लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर द्वारा दुकानों की वायरिंग, लोड, स्विच, कनेक्शन और अर्थिंग का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
महामंत्री दिनेश कटारिया ने आगे प्रस्ताव रखा कि जल्द ही टोरेंट पावर अधिकारियों, बाजार प्रतिनिधियों, इलेक्ट्रिशियनों और सरकारी विभागों के साथ एक संयुक्त बैठक कर कॉमन एजेंडा के तहत विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। साथ ही सभी बाजारों में पुनः फॉर्म भरवाकर प्रत्येक दुकान के लोड का विश्लेषण किया जाएगा और जरूरत अनुसार तत्काल तकनीकी सुधार किए जाएंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि व्यापारियों, फोस्टा और टोरेंट पावर के बीच बेहतर समन्वय, जागरूकता और नियमित निरीक्षण से ही कपड़ा बाजारों को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
बैठक में टोरेंट विभाग की ओर से भाविक देसाई, दीपेन पटेल, कार्तिक चावला, चेतन भाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



