सेबा द्वारा पहली बार तीन दिवसीय ‘हेलो प्रॉपर्टी एक्सपो’ का आयोजन
एंथम सर्कल पर 24 अप्रैल से शुरुआत, महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा करेंगे उद्घाटन; 40 से अधिक डेवलपर्स के 180+ प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित होंगे

प्सूरत, शहर में रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माने जा रहे “HALO प्रॉपर्टी एक्सपो 2026” का आयोजन 24 से 26 अप्रैल तक एंथम सर्कल, वलथाण-पुणागाम कैनाल रोड, आउटर रिंग रोड पर किया जाएगा। सूरत ईस्ट बिल्डर्स एसोसिएशन (SEBA) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय मेगा इवेंट को “प्रॉपर्टी का महाकुंभ” कहा जा रहा है, जिसमें शहर के प्रमुख डेवलपर्स और निवेशक एक ही मंच पर नजर आएंगे।
सेबा के मीडिया हेड हिरण पटेल और अध्यक्ष श्रेयांश सवाणी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि एक्सपो का भव्य उद्घाटन 24 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रॉपर्टी प्रदर्शनी नहीं, बल्कि पूरे रियल एस्टेट इकोसिस्टम को जोड़ने वाला एक रणनीतिक प्लेटफॉर्म है।
एक्सपो में 40 से अधिक नामी डेवलपर ग्रुप्स भाग ले रहे हैं, जबकि कुल 179 से ज्यादा प्रीमियम एग्जीबिटर्स और 180 से अधिक रेजिडेंशियल व कमर्शियल प्रोजेक्ट्स पेश किए जाएंगे।
लगभग 1 लाख स्क्वेयर फीट के विशाल एसी डोम में आयोजित इस एक्सपो में करीब 3 लाख विजिटर्स के आने की संभावना है। इसमें एक्लेरा, अनंत ग्रुप, ग्रीन ग्रुप और देवम जैसे बड़े डेवलपर्स अपने प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत करेंगे।
इस एक्सपो का एक विशेष आकर्षण इसमें शामिल होने वाली सेलिब्रिटीज भी रहेंगी। गुजराती फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध कलाकार दर्शन जरीवाला, हितेन कुमार, जानकी बोडीवाला और श्रद्धा डांगर भी खास तौर पर उपस्थित रहेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोपीन डेवलपर्स के पियूष डालिया, एंथम ग्रुप के निकुंज गजेरा, जे. एक्लेरा के जैतीभाई बाबरिया, अनंत ग्रुप के हरेशभाई पाचाणी, ग्रीन ग्रुप के मीत कोटडिया, एसोसिएशन के प्रवक्ता एवं सहज ग्रुप के संचालक कमलेशभाई कोराट तथा तापी रियल्टी के रविभाई सवाणी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।




