
सूरत। सारोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के साथ करीब 19.03 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मेहसाणा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिमनभाई वीरजीभाई पटेल, निवासी मोटा वराछा, महादेव चौक, धर्मनंदन रो हाउस, सूरत, “4 स्टार टेक्सटाइल” और “बीएफएफ फैब्रिक्स” फर्म के संचालक हैं। उनकी फर्म ब्लॉक नं. 286, गोपाल फाइबर के सामने, मांडवी-कडंज, सूरत में स्थित है, जहां वे ग्रे कपड़े का व्यापार करते हैं।
इस मामले में आरोपी सागर कापड़िया उर्फ अर्थ पटेल (उम्र 32 वर्ष), निवासी बी/307, कोरल हाइट्स, आकाश इको पॉइंट, बमरोली, सूरत (हाल पता – कृणाल रेसिडेंसी, कपिला हनुमान मंदिर के पास, राधनपुर रोड, मेहसाणा) तथा उसके साथी धर्मेंद्रकुमार कनुभाई पटेल, प्रोप्राइटर “सावरिया फैशन”, दुकान नं. 1042, कुबेरजी वर्ल्ड मार्केट, सारोली, सूरत ने मिलकर ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वर्ष 2021 में मार्च से जून के बीच शिकायतकर्ता से संपर्क कर व्यापार शुरू किया। शुरुआत में समय पर भुगतान कर भरोसा जीता। इसके बाद आरोपी धर्मेंद्रकुमार पटेल ने दलाल सागर कापड़िया के माध्यम से “4 स्टार टेक्सटाइल” से 13 जून 2021 से 30 जून 2021 के बीच 7.67 लाख रुपये तथा “बीएफएफ फैब्रिक्स” से 14 मार्च 2021 से 13 जून 2021 के बीच 11.35 लाख रुपये का ग्रे कपड़ा अलग-अलग बिलों पर खरीदा।
कुल मिलाकर 19,03,842 रुपये का माल लेने के बाद आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और दुकान बंद कर फरार हो गए।
इस संबंध में सारोली पुलिस स्टेशन में वर्ष 2026 में आईपीसी की धारा 409 और 114 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में सारोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर कापड़िया को मेहसाणा में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी उधना, महिधरपुरा और सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और विश्वासघात के मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले व्यापारियों से पहचान बढ़ाकर छोटे लेन-देन में समय पर भुगतान करता था, फिर भरोसा जीतकर बड़े पैमाने पर माल उठाकर फरार हो जाता था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी धर्मेंद्रकुमार पटेल की तलाश कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।




