सूरत में पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आज
20,700 उम्मीदवारों का पंजीकरण, 69 केंद्रों पर होगी परीक्षा
सूरत।पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) कैडर की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को सूरत में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए कुल 20,700 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है।
गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड, गांधीनगर द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए शहर में 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 690 ब्लॉकों में परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 9:30 बजे से 12:30 बजे तक होगा, जिसमें बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें वर्णनात्मक प्रश्नपत्र होगा।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान सभी उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया की जाएगी। इसके चलते अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और प्रत्येक केंद्र पर केंद्र अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा निगरानी के लिए पुलिस निरीक्षक (PI) स्तर के अधिकारियों को ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया गया है।




