
सूरत। शहर के सारोली क्षेत्र स्थित संगिनी टेक्सटाइल मार्केट के एक व्यापारी के साथ दिल्ली के दंपति द्वारा लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। कपड़े का माल खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने पर व्यापारी की शिकायत के आधार पर सारोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वेसु स्थित श्रृंगार रेसिडेंसी में रहने वाले तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी रूपेशकुमार प्रेमकुमार साध (55) सारोली के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में एस.एस. क्रिएशन एवं प्रेम सन्स फर्म के नाम से कपड़ा व्यापार करते हैं। इसी दौरान नई दिल्ली के डाबरीनाला रोड, डाबरी गांव क्षेत्र में संचालित क्लोथिंग बियॉन्ड तथा वी-क्लोथिंग बियॉन्ड प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े लीना खन्ना और समीर खन्ना ने उनसे व्यावसायिक संपर्क किया था।
शुरुआती दौर में खन्ना दंपति ने समय पर भुगतान कर व्यापारी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद पूर्व नियोजित साजिश के तहत 30 जून 2023 से 3 फरवरी 2024 के बीच प्रिंटेड एवं डाइड कपड़ों का बड़ा जथ्था खरीदा। माल की डिलीवरी लेने के बावजूद आरोपियों ने कुल 6,54,238 रुपये का बकाया भुगतान नहीं किया और व्यापारी के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी की।
ठगी का अहसास होने पर रूपेशकुमार साध ने सारोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लीना खन्ना और समीर खन्ना के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



