
सूरत, 31 दिसंबर 2025 की विदाई और नए साल 2026 के स्वागत को लेकर सूरत शहर में होने वाली न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो और नशे में हुड़दंग की घटनाएं न घटें, इसके लिए सूरत सिटी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। फार्महाउस में होने वाली शराब पार्टियों और सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 13 पार्टी प्लॉट और कई होटलों द्वारा पुलिस से अनुमति मांगी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने, नशे में वाहन चलाने और सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
न्यू ईयर के दौरान डीसीबी, पीसीबी, एसओजी समेत विभिन्न शाखाओं के साथ कुल करीब 5 हजार पुलिसकर्मी और अधिकारी शहर में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ 900 बॉडी-वॉर्न कैमरों के माध्यम से भी शहरवासियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
शहरभर में 45 पुलिस नाके और 12 चेकपोस्ट लगाए गए हैं, जहां नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस को 380 ब्रेथ एनालाइज़र उपलब्ध कराए गए हैं। लाइट बैटन वाले एनालाइज़र से दूर से ही नशे में वाहन चलाने वालों की पहचान की जाएगी।
एंटी नारकोटिक्स किट से लैस पुलिस वैन शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त करेगी। होटलों और गेस्ट हाउसों में भी सघन चेकिंग की जा रही है। जहां सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, वहां ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
कानून तोड़ा तो लोकअप तय : पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को परेशान करने के उद्देश्य से चेकिंग नहीं की जाएगी, लेकिन यदि कोई कानून की सीमा पार करता है तो नए साल 2026 की सुबह पुलिस लोकअप में बितानी पड़ सकती है।
सूरत पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और परिवार के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से नए साल का स्वागत करें।




