
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट द्वारा 18 अप्रैल 2026 को सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में AI आधारित ‘स्पीड बिज़नेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कॉन्क्लेव सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा और इसे देश में अपनी तरह का अभिनव आयोजन माना जा रहा है।
चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों और प्रोफेशनल्स को कम समय में अधिक प्रभावी तरीके से नए बिज़नेस कनेक्शन स्थापित करने का अवसर प्रदान करना है। इस कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम का उपयोग कर नेटवर्किंग प्रक्रिया को तेज़, स्मार्ट और परिणामदायी बनाया जाएगा।
चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न उद्योगों और सेवाओं से जुड़े 500 से अधिक उद्यमी, व्यवसायी और प्रोफेशनल्स भाग लेंगे। प्रतिभागियों को फेस-टू-फेस मीटिंग्स के माध्यम से नए बिज़नेस अवसर तलाशने और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा।
कॉन्क्लेव के दौरान 30-30 मिनट के तीन राउंड में बिज़नेस मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रत्येक प्रतिभागी लगभग 21 अलग-अलग उद्यमियों से संवाद कर सकेगा। पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिससे नेटवर्किंग अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।
एसजीसीसीआई बिजनेस कनेक्ट के चेयरमैन चंद्रकांत प्रजापति ने बताया कि प्रत्येक टेबल पर QR कोड उपलब्ध होंगे, जिनके माध्यम से प्रतिभागी अपनी रुचि और संभावित सहयोग दर्ज कर सकेंगे। यह डेटा तुरंत सिस्टम में रिकॉर्ड होकर लाइव स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा।
चैंबर ग्रुप चेयरमैन दीपककुमार सेठवाला और एडवाइजर तपन जरीवाला ने कहा कि यह आयोजन सूरत के बिज़नेस इकोसिस्टम को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में मुंबई के अमित पाठक और सूरत के विशाल शाह एक्सपर्ट स्पीकर के रूप में शामिल होंगे, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित बिज़नेस ग्रोथ पर मार्गदर्शन देंगे। यह कॉन्क्लेव सूरत के उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



