परवत पाटिया चौराहे पर बस की टक्कर से केमिकल व्यापारी की मौत
मध्यप्रदेश एसटी बस की चपेट में आए बाइक सवार, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
सूरत। शहर के परवत पाटिया चार रास्ता के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक केमिकल व्यापारी की मौत हो गई। मध्यप्रदेश एसटी बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर निवासी और वर्तमान में परवत पाटिया स्थित सोमनाथ टाउनशिप में रहने वाले 60 वर्षीय गजेंद्रकुमार हकुमीचंद जैन केमिकल का व्यापार करते थे और अपने परिवार के साथ सूरत में रह रहे थे। मंगलवार सुबह वे घर का सामान लेने के लिए मॉपेड लेकर निकले थे।
इसी दौरान परवत पाटिया चार रास्ता के पास मध्यप्रदेश की एसटी बस ने उनकी मॉपेड को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल गजेंद्रकुमार को इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।




