लोकल न्यूज़सूरत सिटी

सूरत के पर्वत पाटिया क्षेत्र में मेट्रो रेल के गड्ढे में बाइक गिरी, महिला समेत दो घायल

20 फीट गहरे खुले गड्ढे पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से हादसा, लोगों में प्रशासन के प्रति रोष

सूरत। शहर के पर्वत पाटिया क्षेत्र में मेट्रो रेल परियोजना के तहत खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक गिर जाने से महिला सहित दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में मेट्रो प्रशासन की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला है।
जानकारी के अनुसार पर्वत पाटिया स्थित कबूतर सर्कल के पास मेट्रो रेल निर्माण कार्य चल रहा है। यहां मेट्रो परियोजना के लिए लगभग 20 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन सुरक्षा के नाम पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का कॉर्डन लगाया गया था। खुले पड़े इस खतरनाक गड्ढे के कारण हादसा हो गया।
रविवार को एक बाइक चालक महिला के साथ वहां से गुजर रहा था, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गड्ढा अधिक गहरा होने के कारण दोनों घायलों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
दोनों घायलों को गंभीर चोटें आने पर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि यदि उचित सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की गई होती तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button