श्री रामचरितमानस 27वां नवाह्न पारायण पाठ भक्ति भाव से सम्पन्न

सूरत। श्री रामायण प्रचार समिति, सूरत द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जी रचित श्री रामचरितमानस का 27वां वार्षिक नवाह्न पारायण पाठ पर्वत पाटिया स्थित शुभम् हाईट्स सोसायटी पार्ट-1 के प्रांगण में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। नौ दिनों तक नित्य पूजा, रामचरितमानस की चौपाइयों का संगीतमय गायन तथा प्रसंगानुसार झांकियों के दर्शन कराए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन में 150 से अधिक आसनधारी भक्तों ने संपूर्ण रामचरितमानस का पारायण किया। इस दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति सदस्यों के मधुर एवं भावपूर्ण सामूहिक गायन से भक्त भाव-विभोर हो उठे।
समिति के धर्मचंद मोहता ने बताया कि कार्यक्रम का समापन राम राज्याभिषेक की जीवंत झांकी, हवन, महाआरती और महाप्रसाद के साथ हुआ। वहीं सुरेश जिंदल ने समिति की गतिविधियों की जानकारी दी तथा आयोजक सोसायटी परिवार के ओमप्रकाश तापड़िया एवं सुनील बाहेती ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन की भव्यता को देखते हुए आगामी 2027 की चैत्र नवरात्रि में नवाह्न पारायण पाठ पर्वत पाटिया स्थित अभिषेक रेजिडेंसी पार्ट-1 में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।यह आयोजन भक्ति, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।


