
नई दिल्ली/सूरत। सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनता के हित में उठाया गया दूरदर्शी और सराहनीय कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के बीच यह निर्णय आम जनता को राहत देने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार द्वारा पेट्रोल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी को ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर तथा डीजल पर ₹10 प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ परिवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि इस निर्णय का सबसे बड़ा सकारात्मक प्रभाव लॉजिस्टिक लागत पर पड़ेगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में स्थिरता आने से परिवहन खर्च नियंत्रित रहेगा, जिससे वस्तुओं की ढुलाई लागत पर अंकुश लगेगा और बाजार में अनावश्यक महंगाई बढ़ने से रोका जा सकेगा। इसका सीधा लाभ देश के करोड़ों उपभोक्ताओं को मिलेगा, क्योंकि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें संतुलित बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट के इस दौर में सरकार के सामने यह चुनौती थी कि या तो खुदरा कीमतों में वृद्धि होने दी जाए या फिर वित्तीय भार स्वयं वहन किया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए दूसरा विकल्प चुना, जो एक संवेदनशील और जनकल्याणकारी निर्णय है।
खंडेलवाल ने कहा कि देश का व्यापारिक समुदाय इस फैसले का पूर्ण समर्थन करता है और यह सुनिश्चित करेगा कि इस राहत का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचे तथा आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम आम नागरिकों को बड़ी राहत देने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर और सुदृढ़ बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा।


