Uncategorized

एलपीजी रिफिल बुकिंग की समयसीमा में कोई बदलाव नहीं

35 नहीं, शहरों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में ही मिलेगा सिलेंडर

नई दिल्ली।एलपीजी सिलेंडर रिफिल बुकिंग की समयसीमा को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि रिफिल बुकिंग के नियमों में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है और वर्तमान व्यवस्था पहले की तरह ही लागू रहेगी।
मंत्रालय के अनुसार, कुछ मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) कनेक्शन के लिए 45 दिन, नॉन-PMUY सिंगल सिलेंडर कनेक्शन के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर कनेक्शन के लिए 35 दिन की नई समयसीमा लागू की गई है। सरकार ने इन दावों को भ्रामक और पूरी तरह गलत बताया है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी रिफिल बुकिंग की वर्तमान समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह ही शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समयसीमा लागू रहेगी। यह नियम सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू होगा।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही इन्हें सोशल मीडिया पर फैलाएं। साथ ही ग्राहकों को बिना जरूरत या घबराहट में गैस सिलेंडर बुकिंग से बचने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है, इसलिए उपभोक्ताओं को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग में समस्या आती है या बुकिंग विफल हो जाती है, तो वह संबंधित प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज कर सकता है। यदि गैस एजेंसी शिकायत नहीं सुनती या जानबूझकर देरी करती है, तो उपभोक्ता सरकारी पोर्टल पर सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जहां शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button