माहेश्वरी समाज ने किया पार्षद रश्मि साबू का सम्मान

सूरत।महानगरपालिका के 22 नंबर वार्ड की नगरसेविका रश्मि गिरधारी साबू के जनसेवा से ओतप्रोत सक्रिय कार्यकाल के उपलक्ष्य में सूरत माहेश्वरी समाज व सूरत जिला माहेश्वरी सभा द्वारा शनिवार को सिटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में भव्य अभिनंदन एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान रश्मि साबू ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यों को साकार किया, जिनमें सुमन स्कूल एवं 50 बेड के हॉस्पिटल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर, वार्ड ऑफिस, फायर स्टेशन जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट शामिल हैं।
उनके प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप 22 नंबर वार्ड को बेस्ट वार्ड अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। माहेश्वरी समाज से राजनीति में जनप्रतिनिधि के रूप में अवसर प्राप्त करने वाली वह पहली महिला हैं। इनके द्वारा उल्लेखनीय कार्यों से न केवल वार्ड वासियों को लाभ मिला है, बल्कि संपूर्ण माहेश्वरी समाज भी गौरवान्वित हुआ है। इस अवसर पर सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज, सचिव अतिन बाहेती व पदाधिकारी के साथ जिला सभा के कार्यकारिणी सदस्य एवं सभी क्षेत्रीय सभाओं के पदाधिकारी व समाज की अन्य अनेक संस्थाओं, महिला मंडल द्वारा उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा, गुजरात प्रदेश माहेश्वरी सभा के सदस्य सहित समाज के अनेक अग्रणी जन गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।



