श्री सांवरिया सेवा संघ की निशान यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पुष्प वर्षा एवं इत्र फुहार से भक्तों का स्वागत, पीले रंग में रंगा वीआईपी रोड
सूरत। श्री सांवरिया सेवा संघ द्वारा आयोजित 15वीं विशाल निशान पदयात्रा शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। यात्रा में हजारों श्याम भक्तों की सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा का शुभारंभ सुबह 8 बजे सिटीलाईट स्थित सूर्यप्रकाश सोसायटी (अग्रसेन गार्डन के पास) से निशान पूजन के साथ किया गया। लगभग 1500 निशानों एवं 2000 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यात्रा आगे बढ़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे भक्त बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए नाचते-झूमते यात्रा में शामिल हुए।
“श्याम धणी को आयो रे बुलावो…” तथा “आये हैं दिन फागण के, आये हैं दिन नाचण के…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। यात्रा में शामिल लाइव बैंड की मधुर धुनों तथा विभिन्न बग्घियों पर सजी बाबा श्याम एवं अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। जीवंत झांकी के रूप में शामिल हनुमानजी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
हजारों भक्तों के हाथों में पीले निशान लहराते देख पूरा वीआईपी रोड पीले रंग में रंगा नजर आया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बाबा श्याम स्वयं भक्तों को दर्शन दे रहे हों। अणुव्रत द्वार सहित पूरे यात्रा मार्ग पर विभिन्न संस्थाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा जलपान, पुष्प वर्षा और इत्र फुहार से यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा का समापन श्याम मंदिर पहुंचकर हुआ, जहां सभी श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को निशान अर्पित कर मंगलकामनाएं कीं। इस वर्ष यात्रा के मुख्य यजमान सूर्यप्रकाश सोसायटी परिवार रहे।



