अलथाण के जमीन कारोबारी से दोस्त ने की 23.89 लाख रुपये की ठगी
मार्बल व्यवसाय के नाम पर उधार ली रकम वापस नहीं लौटाई, पुलिस में मामला दर्ज

सूरत शहर के अलथाण क्षेत्र में एक जमीन कारोबारी के साथ उसके ही मित्र द्वारा लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। मार्बल व्यवसाय में निवेश के बहाने उधार ली गई रकम वापस नहीं करने पर पीड़ित व्यापारी ने अलथाण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सरसाणा गांव स्थित मास्टर मोहल्ला निवासी हेमंतभाई बालुभाई पटेल जमीन के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उनके परिचित एवं मार्बल व्यवसाय करने वाले मेघराजभाई रामअवतार यादव (निवासी: बी/2, शांति कुंज रेसिडेंसी, रिवरडेल स्कूल के पास, अडाजन, सूरत) ने व्यापार विस्तार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी।
आरोप है कि आरोपी ने रुपये वापस लौटाने का भरोसा देकर 15 नवंबर 2024 से 8 मई 2025 के बीच अलग-अलग समय पर कुल 42.45 लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में आरोपी ने आंशिक रूप से 18.56 लाख रुपये वापस किए, लेकिन शेष 23.89 लाख रुपये लौटाने से बचता रहा।
बार-बार मांग करने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने अलथाण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले की आगे की जांच पीएसआई बी.बी. पटेल द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आर्थिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।



