
अहमदाबाद से मुंबई के बीच प्रस्तावित 508 किलोमीटर लंबे हाईस्पीड बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत सूरत के अंतरौली में बन रहे हाईस्पीड रेल स्टेशन का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेशन के अंदरूनी हिस्से में इंटीरियर का काम तेज़ी से शुरू कर दिया गया है और तय समयसीमा में काम पूरा करने के लिए विभिन्न कार्य एक साथ किए जा रहे हैं।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और सुव्यवस्थित डिज़ाइन तैयार किया गया है। प्रवेश और निकास मार्ग, प्रतीक्षा कक्ष और प्लेटफॉर्म तक पहुंच के लिए पूरी व्यवस्था को सुचारु और उच्च क्षमता वाले यात्री प्रवाह के अनुसार विकसित किया जा रहा है।
स्टेशन का इंटीरियर सूरत की वैश्विक पहचान को दर्शाएगा। “डायमंड सिटी” के रूप में प्रसिद्ध सूरत की छवि को उभारने के लिए स्टेशन के अंदर हीरे के आकार की विशेष कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं, जो यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
इसके अलावा स्टेशन पर अत्याधुनिक टिकटिंग सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले, आरामदायक वेटिंग एरिया, लिफ्ट और एस्केलेटर के साथ आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।



