businessTextileदिल्ली NCRसूरत सिटी

सूरत की एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर दिल्ली में अहम बैठक, विंटर सीजन में बंद उड़ानें फिर शुरू करने का आश्वासन

नई दिल्ली/सूरत। सूरत की हवाई सेवाओं के विस्तार और एयर कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में सूरत से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू करने तथा मौजूदा हवाई सेवाओं का विस्तार करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही हाल के समय में सूरत से बंद की गई उड़ानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि बंद की गई उड़ानों को आगामी विंटर सीजन में दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि सूरत देश का प्रमुख व्यापारिक, औद्योगिक और निर्यात केंद्र है, इसलिए शहर के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है। उन्होंने नई उड़ानें शुरू करने और मौजूदा सेवाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

बैठक में रूपा ग्रुप के सुरेश जी, प्रतिभा ग्रुप के प्रमोद चौधरी,फोस्टा FOSTTA के कैलाश हाकिम, विनय अग्रवाल, श्रीकांत मुंडड़ा, कुंज सुल्तानिया सहित विभिन्न उद्योग संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू का समय, मार्गदर्शन और सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button