सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

आचार्य तुलसी की 30वीं पुण्यतिथि पर तेरापंथ महिला मंडल पर्वत पाटिया ने मनाया ‘विसर्जन दिवस’

तुलसी भक्ति एकल गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुतियां, विजेताओं का हुआ सम्मान

सूरत। गणाधिपति पूज्य गुरुदेव आचार्य तुलसी की 30वीं पुण्यतिथि के अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल, पर्वत पाटिया द्वारा 3 जुलाई को ‘विसर्जन दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तुलसी भक्ति एकल गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बहनों ने श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। इसके बाद प्रेरणा गीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। मंडल अध्यक्ष सुमन बैद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आचार्य तुलसी के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं नैतिक अवदानों पर प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता की निर्णायक शगुन डागा ने अपनी स्वरचित गीतिका प्रस्तुत कर मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन अंजू धाकड़ एवं शगुन डागा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रस्तुति भावपूर्ण और उत्कृष्ट रही।

प्रतियोगिता में आशिका आंचलिया एवं सुनीता पारख ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। विनीता बैद द्वितीय तथा पिंकी महनोत एवं प्रिया पुगलिया संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कृष्णा पुगलिया एवं सुमित्रा श्यामसुखा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर ‘जीव-अजीव प्रश्नोत्तरी’ के सातवें, आठवें और नौवें चरण के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंडल द्वारा निर्णायकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री मधु झाबक ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में मंडल की बहनों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button