
सूरत। उधना स्थित सनसाइन टेक्स क्रिएशन के संचालक एवं वीवर के साथ 59.69 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कपड़ा दलाल की मध्यस्थता से कई व्यापारियों को उधार में फिनिश्ड कपड़ा सप्लाई किया गया, लेकिन माल प्राप्त करने के बाद भुगतान नहीं किया गया। आखिरकार पीड़ित व्यापारी ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
खटोदरा पुलिस के अनुसार अलथाण सिटीलाइट क्षेत्र स्थित आशीर्वाद रेजिडेंसी निवासी राजेश सुभाषचंद्र बारडोलिया उधना-मगदल्ला रोड पर विपिन डाइंग मिल के पीछे स्थित स्वामी इंडस्ट्रियल सोसायटी में संचालित अपनी फर्म सनसाइन टेक्स क्रिएशन के माध्यम से ग्रे कपड़े का कारोबार करते हैं।
बताया गया है कि कपड़ा दलाल रफीक यूसुफ पठाण के माध्यम से संपर्क में आए अशोककुमार तेजराज जैन ने विभिन्न व्यापारियों को फिनिश्ड कपड़ा उधार में दिलवाया था। इनमें सारोली स्थित सालासर मार्केट में खुशी एजेंसी और सानवी फैब्रिक्स के संचालक धर्मेश साधु पटेल, मुंबई के मीरा रोड (पूर्व) स्थित काइरा ट्रेडिंग के संचालक जिग्नेश कनैयालाल दक्षिणा तथा श्री विनायक कॉर्पोरेशन के संचालक राजन चौहान शामिल हैं।
आरोप है कि 5 जुलाई 2023 से शुरू हुए व्यापारिक लेन-देन के दौरान इन व्यापारियों ने बड़ी मात्रा में फिनिश्ड कपड़ा खरीदा, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया। इस प्रकार कुल 59,69,851 रुपये की बकाया राशि का भुगतान न कर वीवर को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
मामले में राजेश बारडोलिया ने खटोदरा पुलिस थाने में व्यापारी अशोककुमार जैन सहित पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 319(2) एवं 61(2)(ए) के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक सी.के. निनामा कर रहे हैं।



