
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) तथा साउथ गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सरसाणा स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एसआईईसीसी) में आयोजित ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का शुक्रवार को गुजरात सरकार के खेल, युवा सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियां तथा उद्योग विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित ने उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा देश-विदेश से आए टेक्सटाइल उद्यमियों और व्यापारियों से संवाद किया।

इस अवसर पर डॉ. गामित ने कहा कि सूरत आज देश का अग्रणी टेक्सटाइल हब बन चुका है और यहां के उद्योगों ने गुणवत्ता, नवाचार तथा आधुनिक तकनीक के दम पर वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे एक्सपो स्थानीय निर्माताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं, जिससे व्यापार के नए अवसर पैदा होते हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में टेक्सटाइल उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार उद्योगों को आधुनिक सुविधाएं, सरल नीतियां तथा आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के बाद सबसे अधिक रोजगार टेक्सटाइल उद्योग उपलब्ध कराता है और सूरत के उद्यमियों ने रोजगार सृजन के साथ-साथ वैश्विक व्यापार में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीक आधारित उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादों के माध्यम से सूरत का टेक्सटाइल उद्योग आने वाले समय में और अधिक मजबूत होगा। ऐसे आयोजन नए निवेश आकर्षित करने, व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में एसजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक जीरावाला, ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ग्लोबल प्रेसिडेंट मुरुगन थेनकोंडार, बॉम्बे डाइंग के मैनेजर राजनेश दत्त, अजमेरा फैशन लिमिटेड के सीईओ एवं संस्थापक अजय अजमेरा, सर्जन इंटरनेशनल के संस्थापक अमित डोभरिया सहित बड़ी संख्या में टेक्सटाइल उद्योगपति, निर्माता, निर्यातक, व्यापारी एवं देश-विदेश से आए आगंतुक उपस्थित रहे।




