22 साल बाद मालिक के ₹54 हजार चुराने वाला ड्राइवर गिरफ्तार, महाराष्ट्र से दबोचा गया
कामरेज में 2005 में वारदात को दिया था अंजाम, कोर्ट के वारंट के बाद से था फरार

सूरत, 26 जून। सूरत पुलिस की फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ चल रही विशेष मुहिम के दौरान क्राइम ब्रांच की एंटी ऑर्गेनाइज्ड स्क्वॉड को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2005 में कामरेज क्षेत्र में अपने मालिक की नजर बचाकर नकदी चोरी कर फरार हुए आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने 22 साल बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युवराज जयसिंह राठौड़ (50), निवासी नाना वराछा, सूरत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह उस समय मयूरसिंह सुरेंद्रसिंह जाडेजा के यहां ड्राइवर के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2005 को जब उसके मालिक स्नान करने गए थे, उसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर खोलवड़ गांव स्थित महेसाणा पाइप सिंडिकेट के कार्यालय की अलमारी से 54,710 रुपये नकद चोरी कर लिए और फरार हो गया था।
इस मामले में कामरेज पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अदालत ने सीआरपीसी की धारा 70 के तहत गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



