businessTextileसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

फोस्टा के अध्यक्ष बने हंसराज जैन,सचिव पद की जिम्मेदारी दिनेश कटारिया को

पहली बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से हुआ चयन, नीरज अग्रवाल कोषाध्यक्ष और गिरीश मित्तल संगठन महामंत्री नियुक्त

सूरत । देश के सबसे बड़े टेक्सटाइल व्यापारिक संगठनों में से एक फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (फोस्टा) के नवनिर्वाचित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की पहली बैठक गुरुवार को फोस्टा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हंसराज जैन को फोस्टा का नया अध्यक्ष, दिनेश कटारिया को महामंत्री (सचिव) तथा नीरज अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही गिरीश मित्तल को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने नई टीम को औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि नए पदाधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए थे, जिन्हें सभी निदेशकों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।

नवनियुक्त महामंत्री दिनेश कटारिया ने अपने प्रथम वक्तव्य में कहा कि पिछले तीन वर्षों में फोस्टा द्वारा टेक्सटाइल व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जो संगठित और व्यवस्थित कार्यप्रणाली विकसित की गई है, उसे आगे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूरत के 75 हजार से अधिक टेक्सटाइल व्यापारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए फोस्टा लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

महामंत्री दिनेश कटारिया ने कहा कि हाल के वर्षों में विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों में आग लगने की घटनाओं के कारण व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। भविष्य में शिवशक्ति टेक्सटाइल मार्केट सहित अन्य मार्केटों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फोस्टा सुरक्षा उपायों, जागरूकता और समन्वय को लेकर विशेष प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि मार्केटों में ले-भागू तत्वों और धोखाधड़ी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अधिक से अधिक व्यापारियों को फोस्टा की मोबाइल एप्लिकेशन से जोड़ा जाएगा, जिससे व्यापारी स्वयं एप के माध्यम से संदिग्ध और धोखाधड़ी करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर सकेंगे तथा समय रहते सतर्क हो सकेंगे।

नई टीम ने यह भी घोषणा की कि आगामी तीन वर्षों के दौरान अधिक से अधिक व्यापारियों को फोस्टा से जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि संगठन को और मजबूत बनाकर व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। नई कार्यकारिणी के गठन से सूरत के टेक्सटाइल व्यापार जगत में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button