Textileराजनीतिसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने 373 नन्हे विद्यार्थियों का कराया स्कूल प्रवेश

सरकारी स्कूलों पर बढ़ा भरोसा, 4,708 विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़ लिया दाखिला

सूरत। शहर में ‘प्रगति का स्कूल प्रवेशोत्सव एवं कन्या केलवणी महोत्सव-2026’ के तहत खटोदरा कॉलोनी स्थित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की स्कूल नंबर 45, 46 और 275 में गुरुवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुजरात के डिप्टी मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बालवाटिका और कक्षा-1 के 373 नन्हे विद्यार्थियों का कुमकुम तिलक कर विधिवत स्कूल प्रवेश कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा कि पिछले दो दशकों से चल रहा स्कूल प्रवेशोत्सव अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महायज्ञ बन चुका है। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी दोनों को समान शिक्षा मिले और वे समाज, राज्य तथा देश के विकास में योगदान दें, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि सूरत महानगरपालिका की स्कूलों में गुजराती, हिंदी, मराठी, उर्दू, ओड़िया और अंग्रेजी सहित छह भाषाओं में शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में मनपा की स्कूलों में 1.99 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का ही परिणाम है कि 4,708 विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है।

बच्चों से बोले- घर के ‘पुलिस’ बनो, हेलमेट पहनने के लिए माता-पिता को भी टोको

हर्ष संघवी ने विद्यार्थियों से स्वच्छता, यातायात जागरूकता और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे ‘घर के पुलिस’ बनें और यदि माता-पिता बिना हेलमेट के बाहर निकलें तो उन्हें रोककर हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता से अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। नगर प्राथमिक शिक्षा समिति का तीन दिवसीय प्रवेशोत्सव 21 हजार विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button