जिहादी मानसिकता और कथित साजिशों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, लव जिहाद, लैंड जिहाद और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्त कानून की मांग

सूरत। शहर में बढ़ती कथित जिहादी मानसिकता और हिंदू समाज के खिलाफ सुनियोजित गतिविधियों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सूरत जिला कलेक्टर के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में चिंता जताई गई कि ‘लव जिहाद’ जैसी घटनाएं अब सामान्य क्षेत्रों से आगे बढ़कर अन्य स्थानों तक पहुंच रही हैं। नासिक स्थित प्रतिष्ठित आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के आसपास की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि शिक्षित युवतियों को निशाना बनाने के लिए सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया जा रहा है। महाराष्ट्र के अमरावती में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों के शोषण के मामले का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया और आरोप लगाया कि अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग तथा धर्मांतरण का रैकेट चलाया जा रहा है।
ज्ञापन में ‘लैंड जिहाद’ का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया। रेलवे, सेना और वन विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामलों में सख्त सजा की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियों पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में देश की अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई को आवश्यक बताया गया है।




