सूरत के प्रथम महिला बैंड ने कविताओं और फिल्मी गीतों से सजाई महफिल

सूरत। शहर के वेसू स्थित शांतम हॉल में 26 अप्रैल 2026 को “अहसास मीठा सा – ए म्यूजिकल पोएट्री बैंड” द्वारा एक यादगार सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ‘नवरस’ की थीम पर आधारित था, जिसमें कविताओं और उनसे जुड़े लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया।
इस संगीतमय शाम में विभिन्न रसों से ओतप्रोत रचनाओं ने श्रोताओं का मन मोह लिया। रश्मि दाधीच की ओजपूर्ण कविता “परिंदा”, पूनम गुजरानी की हास्य रस से भरपूर “पेट की जय बोलो”, रुचि हर्ष की करुणामयी “विदाई”, निम्मी गुप्ता की सौंदर्य से सजी “मैं रुकूं तो बतियाऊं इनसे दो पल” तथा सुमन शाह की भक्ति रस से ओतप्रोत “मैं लड़खड़ाई नहीं” ने कार्यक्रम को भावनाओं के विभिन्न रंगों से भर दिया।
वहीं, संगीता मलानी और छाया खंडेलवाल की मधुर आवाज़ में प्रस्तुत पुराने और नए फिल्मी गीतों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि पूरा बैंड महिलाओं से सुसज्जित था, जो नारी शक्ति और प्रतिभा का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि “अहसास मीठा सा” महिला बैंड इससे पूर्व भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।



