350 अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेलिंग
अमरावती यौन मामला: 19 वर्षीय आरोपी ने 180 नाबालिगों को फंसाया

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय ‘अयान अहमद’ नामक युवक ने 180 नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शारीरिक शोषण किया, उनके करीब 350 वीडियो बनाए और बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर वेश्यावृत्ति में धकेलने का प्रयास किया। आखिरकार दो दोस्तों के बीच पैसों के विवाद के कारण इस पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। मामला पुलिस तक पहुंचने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरे कांड का खुलासा दोस्तों के बीच दुश्मनी के कारण हुआ। इस मामले के मुख्य आरोपी अयान अहमद और उसका साथी उज़ेर खान थे। शुरुआत में दोनों ने अधिक से अधिक लड़कियों को फंसाने की शर्त लगाई थी। इस दौरान उन्होंने 180 नाबालिगों को अपना शिकार बनाकर उनकी मर्जी के खिलाफ वीडियो बनाए। बाद में पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। उज़ेर ने अयान से पैसे मांगे, लेकिन जब वह नहीं दे पाया तो गुस्से में उज़ेर ने करीब 100 अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस तरह दोनों के विवाद ने उनकी करतूतों को उजागर कर दिया।
अयान मुख्य रूप से कॉलेज या कोचिंग जाने वाली लड़कियों को निशाना बनाता था। वह इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और स्नैपचैट के जरिए उनसे दोस्ती करता था। इसके बाद उन्हें महंगे कैफे और मुंबई-पुणे जैसे शहरों में घुमाने ले जाता और होटल में उनके साथ दुर्व्यवहार कर वीडियो रिकॉर्ड करता था। वीडियो बनाने के बाद वह उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था और वेश्यावृत्ति के लिए दबाव बनाता था।
पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं:
पीड़ित नाबालिग लड़कियां (अनुमानित): 180
बरामद वीडियो की संख्या: 350
वायरल किए गए वीडियो: 100
अब तक पहचान हुई पीड़िताएं: 8
पुलिस के अनुसार, अधिकांश पीड़िताएं सामाजिक बदनामी के डर से सामने नहीं आ रही हैं।
आरोपी अयान अहमद तनवीर अमरावती के परतवाड़ा क्षेत्र का रहने वाला है और अचलपुर के एक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह महंगी बाइक पर घूमता था और काफी पैसे खर्च करता था। उसके पिता सेकंड हैंड वाहनों का व्यवसाय करते हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार उसके पास आने वाला पैसा सट्टेबाजी से जुड़ा हो सकता है।
इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पीड़िताएं सामने आकर बयान नहीं दे रही हैं। अमरावती के एसपी विशाल आनंद ने अपील की है कि पीड़िताएं आगे आएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और महिला अधिकारियों के माध्यम से विशेष हेल्पलाइन भी शुरू की गई है।



