
वराछा की ग्लोबल मार्केट के व्यापारी से 1.32 करोड़ की ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार,
कपड़ा खरीदकर भुगतान नहीं किया,मुंबई से गुंडे भेजने का आरोप,जान से मारने की धमकी,वराछा पुलिस ने आरोपी पंकज अग्रवाल व तारिक तैयब खान को किया गिरफ्तार
सूरत। वराछा क्षेत्र की ग्लोबल मार्केट में गारमेंट फैब्रिक्स का व्यापार करने वाले एक व्यापारी के साथ 1.32 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामले मामले में वराछा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंबई के दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बासनी जोधपुर निवासी रूपेश रामस्वरूप राठी सूरत के पर्वत पाटिया स्थित न्यू ईयर सम्राट हाईस्कूल के पास सम्राट टाउनशिप में रहते हैं। वह वराछा न्यू बॉम्बे मार्केट के सामने स्थित ग्लोबल मार्केट की दूसरी मंजिल पर दुकान नंबर 2701–2702 में “गारमेंट फैब्रिक्स” नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं।
मामले में मुंबई कांदिवली (वेस्ट) के चारकोप सेक्टर नंबर–02, यूनिट–43 सोसायटी में “श्री श्याम टेक्सटाइल” फर्म चलाने वाले पंकज अग्रवाल और उनकी पत्नी रीकल अग्रवाल ने 5 अगस्त 2024 से 10 जून 2025 के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का कपड़ा खरीदा था।जिसमे से आंशिक राशि चुकाने के बाद उन्होंने 60 लाख रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। जब व्यापारी ने उधारी की रकम मांगी तो आरोपी ने मुंबई से गुंडे भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी लेन-देन से जुड़ा एक और मामले दंपती के पुत्र ध्रुव अग्रवाल ने खुद को दलाल बताते हुए वर्ष 2019 में मुंबई कांदिवली (वेस्ट) चारकोप सेक्टर–02, यूनिट–243, सोसायटी नंबर–231 में स्थित “डी.आर. ट्रेडिंग” फर्म के संचालक तारीक तैयब खान से कपड़े का सौदा कराया। इस सौदे में 72 लाख रुपये की रकम बकाया रह गई, जो अब तक अदा नहीं की गई। इस तरह कुल मिलाकर 1.32 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर 2 जनवरी 2026 को वराछा पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 316(5), 351(3) और 54 के तहत पंकज अग्रवाल, रीकल अग्रवाल, ध्रुव अग्रवाल और तारीक तैयब खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने मुंबई से पंकज ओमप्रकाश अग्रवाल (उम्र 49 वर्ष), निवासी—डी/46, सोसायटी नंबर 252, चारकोप, कांदिवली (वेस्ट), मुंबई; अन्य पता—स्टाइल लोम हाइट्स, पर्वत गांव; मूल निवास—23/42, काना पटेली, थाना लोहामंडी, आगरा (उत्तर प्रदेश)और तारीक तैयब खान (उम्र 52 वर्ष), निवासी—97/13, एसबीपी नगर, चार बंगला, अंधेरी (वेस्ट), मुंबई; मूल निवास—गांव बाकरगंज हिरका, कानपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।



