
सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 27 नवंबर 2025 की शाम नानपुरा स्थित ‘समृद्धि’ में ‘रिटेलप्रिन्योर:रिडिफाइनिंग रीटेल – बिल्डिंग ट्रस्ट, स्केल एंड कस्टमर एक्सपीरियंस’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सूरत के रिटेल क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञों ने उद्यमियों को आधुनिक रिटेल में सफलता के मूल सिद्धांतों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।चैंबर के मानद मंत्री बिजल जरीवाला ने स्वागत भाषण में कहा कि सूरत में खरीदारी का पहला सवाल हमेशा यह होता है कि “कहां से खरीदा?”, जिससे रिटेल में विश्वास की अहमियत स्पष्ट होती है।नवीन इलेक्ट्रॉनिक्स के अनिल जेटवाणी ने कहा कि रिटेल तेजी से बदल रहा है और ग्राहकों की अपेक्षाएँ भी। आज भी विश्वास ही सबसे बड़ा गेम चेंजर है। उन्होंने ग्राहक से संबंध,रिपीट और रेफरल बिजनेस बढ़ाने तथा रिटर्न–रिप्लेसमेंट को प्रभावी रूप से संभालने के सुझाव दिए।
डी.खुशालभाई ज्वेलर्स के दीपक चोकसी ने कहा कि नॉलेज रिटेल का मजबूत आधार है। एआई के दौर में भी रिटेल में नवाचार और नकारात्मक स्थिति को सकारात्मक में बदलने की क्षमता जरूरी है।धीरेज सन्स के प्रफुल मोदी ने अपनी व्यावसायिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि सही रणनीति, परामर्श और प्रबंधन से रिटेल में प्रतिस्पर्धा के बीच स्थायी सफलता हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन भौतिक शेट ने किया, जबकि कमलेश गजेरीया, प्रमोद भगत और मितेश शाह ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सत्र में उपस्थित उद्यमियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।




