
सूरत। सूरत शहर के परवत पाटिया क्षेत्र स्थित सोनल रेजीडेंसी में रहने वाले कपड़ा व्यापारी ने अहमदाबाद के चार व्यापारियों के विरुद्ध 32.86 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए आर्थिक अपराध शाखा, क्राइम ब्रांच सूरत में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। फरियादी व्यापारी का आरोप है कि कपड़ा व्यापार के नाम पर एक सुनियोजित षड्यंत्र रचकर आरोपियों ने माल मंगवाया और जानबूझकर उसका भुगतान नहीं किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग़ोपालभाई कैलाशचंद राठी (उम्र 24 वर्ष), निवासी सोनल रेजीडेंसी, परवत पाटिया,परवत पाटिया स्थित राज टेक्सटाइल टॉवर में “रौनक ट्रेंडज” नामक फर्म का संचालन करते हैं। अगस्त 2024 के दौरान अहमदाबाद निवासी मोहितकुमार कनैयालाल फुलवानी, जो ‘के.नव्या एजेंसी’ के नाम से कपड़ा दलाली करता है, सूरत आकर उनकी दुकान पर मिला। उसने खुद को अहमदाबाद के तीन प्रमुख व्यापारियों— जयदीप सोंनी (एसवीपी टेक्सटाइल), बृजेश मकवाणा (एसवीएस टेक्सटाइल) और गौरव मकवाणा (वेदिका क्रिएशन)का प्रतिनिधि बताते हुए व्यापार करवाने की बात कही और भरोसा दिलाया कि ये व्यापारी समय पर भुगतान करेंगे तथा नियमित व्यापार कर अच्छा मुनाफा भी करवाएंगे।
शुरुआत में समय पर भुगतान कर फरियादी से विश्वास संपादित किया गया। इसके पश्चात उपरोक्त व्यापारियों के नाम पर सामूहिक रूप से कुल 32,86,832 रुपये मूल्य का कपड़ा उधारी पर खरीदा गया और अलग-अलग ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भिजवाया गया। इसके बावजूद दिनांक 22 अक्टूबर 2024 से 1 मार्च 2025 के बीच भेजे गए माल का आज तक कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। आरोप है कि उक्त चारों ने आपस में मिलकर जानबूझकर फरियादी को आर्थिक रूप से नुकसान पहुँचाया।
दलाल मोहित फुलवानी (पता: शॉप नं. 53, न्यू एल.के. ट्रस्ट बिल्डिंग, बीबीसी मार्केट के सामने, कालूपुर, अहमदाबाद) ने एसवीपी टेक्सटाइल (पता: 197, दूसरा माला, सुमुल बिजनेस पार्क, अहमदाबाद एवं शॉप नं. 53, न्यू एल.के. ट्रस्ट बिल्डिंग) के व्यापारी जयदीप सोनी को विभिन्न बिलो के माध्यम से 11,75,209 रुपये, एसवीएस टेक्सटाइल (पता: 97, तीसरा माला, सुमुल बिजनेस पार्क एवं शॉप नं. 18, फाइन नगर, उत्तमनगर रोड, निकोल, अहमदाबाद) के व्यापारी बृजेशभाई मकवाणा को 11,42,467 रुपये तथा वेदिका क्रिएशन (पता: प्लॉट नं. 10, मधुरम एस्टेट, विशाल एस्टेट के पास, निकोल-कठवाड़ा रोड, एसपी रिंग रोड, ओढव, अहमदाबाद) के व्यापारी गौरवभाई मकवाणा को 9,69,156 रुपये मिलाकर कुल 32,86,832 रुपये का कपड़ा दिलवाया था
फरियादी गोपाल राठी का आरोप है कि कपड़ा दलाल मोहित फुलवानी ने तीनों व्यापारियों से उसका संपर्क करवाकर उधारी में कपड़ा दिलवाया और समय पर भुगतान का भरोसा दिलाया था, लेकिन समय गुजरने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (ग़लत नियत से विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) एवं 120-बी (आपराधिक साजिश) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच सूरत के पुलिस इंस्पेक्टर वी.वी. वाघडिया द्वारा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि उक्त प्रकरण में शामिल वेदिका क्रिएशन के व्यापारी गौरव मकवाणा को एक अन्य ठगी के मामले में भी इको सेल द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।




