श्री श्याम प्रचार मंडल द्वारा भव्य कावड़ यात्रा का सफल आयोजन

सूरत। श्री श्याम प्रचार मंडल के तत्वावधान में आज सुबह भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कावड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे नावड़ी ओवारा, बहुमाली बिल्डिंग से हुआ, जहां श्रद्धालु डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-गाते रवाना हुए और मेहंदीपुर बालाजी पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने पुष्प, दूध, बिल्व पत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
मंडल सचिव राकेश बजावा वाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्ग में अग्रवाल समाज ट्रस्ट द्वारा कावड़ियों का पुष्प वर्षा, जल सेवा एवं फ्रूट जूस द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मेहंदीपुर बालाजी पहुंचने पर श्री श्याम प्रचार मंडल द्वारा सभी कावड़ियों एवं भक्तों के लिए अल्पाहार व्यवस्था की गई थी।
यात्रा की सफलता पर मंडल अध्यक्ष विनोद पालव ने सभी कावड़ियों, मंडल के सदस्यों, कार्यकारिणी पदाधिकारियों, सभी संयोजकों, अग्रवाल समाज ट्रस्ट की कार्यकारिणी तथा मेहंदीपुर बालाजी ट्रस्ट के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।
कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा और सहयोग का भाव बना रहे। पूरी यात्रा भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।




