प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियों को लेकर राजस्थान फाउण्डेशन सूरत चैप्टर की बैठक आयोजित
जयपुर में 10 दिसंबर को होगा प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह

सूरत।प्रवासी राजस्थानी समाज के बीच उत्साह का माहौल तब देखने को मिला जब राजस्थान फाउण्डेशन सूरत चैप्टर द्वारा आगामी प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियों को लेकर सूरत में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चैप्टर अध्यक्ष श्याम राठी ने की।
बैठक में बताया गया कि यह ऐतिहासिक आयोजन 10 दिसंबर 2025 को जयपुर में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों की संख्या में प्रवासी राजस्थानी भाग लेंगे। सभी उपस्थित सदस्यों ने सूरत से अधिक से अधिक प्रवासी बंधुओं को इस आयोजन में शामिल करने और समय पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने का संकल्प लिया।बैठक में यह जानकारी दी गई कि पंजीकरण राजस्थान सरकार की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से कराना होगा और कार्यक्रम में प्रवेश केवल पंजीकृत प्रतिभागियों को ही मिलेगा। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2025 तय की गई है।
मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के साथ-साथ देश-विदेश के कई प्रमुख उद्योगपति, प्रवासी राजस्थानी नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन प्रवासी राजस्थानी समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और पारस्परिक सहयोग को सशक्त करने का एक सुनहरा अवसर होगा।
बैठक में श्याम राठी, जगदीश परिहार, विक्रमसिंह शेखावत, योगेंद्र शर्मा, सुनील बाहेती, श्रवण सुथार, लक्ष्मीनारायण प्रजापत, बसंत खेतान, रतनसिंह गुर्जर और महेश पुंगलिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विक्रमसिंह शेखावत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूरत से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि जयपुर पहुंचेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।राजस्थान फाउण्डेशन सूरत चैप्टर ने सभी प्रवासी राजस्थानी बंधुओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और अपनी मातृभूमि से जुड़ाव के इस महोत्सव को भव्य सफलता प्रदान करें।




