कर्म, मातृ वंदना और जैन धर्म पर भव्य संगीतमय प्रस्तुति में पियूष शाह ने किया भावविभोर

कोयंबतूर। राजस्थानी संघ, कोयंबतूर में समाजसेवी भामाशाह एवं सुप्रसिद्ध ऑडिटर मीठालाल जैन परिवार द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुंबई से पधारे पियूष शाह एवं उनकी टीम ने जैन धर्म में कर्म, पुरुषार्थ, जीवदया और मातृ वंदना पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह की आंखों को नम कर भावविभोर कर दिया।
समारोह में लाभार्थी भगवंती बाई मीठालाल जैन परिवार के पृथ्वीराज, दिनेश, कैलाश एवं निर्मल जैन ने अपनी माताजी की स्मृति में मातृ वंदना कार्यक्रम के तहत भगवान महावीर गौशाला में जीवदया हेतु दान प्रदान किया।

इस अवसर पर सिंगानलुर विधायक के.आर. जयरामन, भाजपा जिला पूर्व अध्यक्ष उत्तम बालाजी रामस्वामी, चिन्मय मिशन के उपट्रस्टी, सिरुथली संस्था की संस्थापक वनिता मोहन सहित कोयंबतूर के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत कैलाश जैन ने किया, संचालन पृथ्वीराज जैन ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन निर्मल जैन ने व्यक्त किया।




