
सूरत। खाड़ी के किनारे स्थित उधना क्षेत्र की चर्चित मिलेनियम-4 टेक्सटाइल मार्केट में मंजूर प्लान के खिलाफ अवैध निर्माण सामने आने पर सूरत महानगरपालिका के उधना-ए जोन द्वारा बिल्डर समेत संबंधितों को शो-कॉज नोटिस जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, उद्योगपति वसंत गजेरा की भाठेना इलाके में स्थित खाड़ी किनारे मिलेनियम-4 मार्केट में बेसमेंट में गोदाम और स्टोरेज, दुकानों में मेजेनाइन फ्लोर (मालिया) बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर फायर एग्जिट भी अवरुद्ध कर दिया गया है। मार्केट के ग्राउंड फ्लोर से लेकर आठवीं मंजिल तक बनाई गई इस मार्केट में बनाए गए निर्माण मंजूर प्लान, नियम और बायलॉज के खिलाफ पाए गए हैं।
उधना जोन की सर्वे कार्रवाई में इन अनियमितताओं की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर जोन अधिकारियों ने शांति रेसिडेंसीज़ के डायरेक्टर वसंत गजेरा समेत अन्य जिम्मेदारों को सूरत महानगरपालिका अधिनियम की धारा 260(1)(अ) के तहत नोटिस जारी की है। नोटिस में 7 दिन की अवधि में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है कि यह अवैध निर्माण क्यों नहीं हटाया जाए या ध्वस्त क्यों न किया जाए।
यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो मनपा आगे की कार्रवाई कर ग़ैरक़ानूनी निर्माण तोड़ने हेतु ‘एंट्री नोटिस’ जारी कर सकती है।
गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले बारिश के बाद खाड़ी क्षेत्र में पानी भरने की घटनाओं के चलते चर्चा में आई इस मार्केट के ‘मार्जिन’ वाले हिस्से में किए गए कुछ अतिक्रमणों को मनपा की चेतावनी के बाद बिल्डर द्वारा स्वयं हटाया गया था। अब शेष ग़ैरक़ानूनी निर्माणों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।




