क्राइम फ्री सूरत के लिए पुलिस के साथ जनता की भागीदारी जरूरी : पूर्व DGP विक्रम सिंह

साइबर क्राइम, हनी ट्रैप और आंतरिक सुरक्षा को लेकर नागरिकों को किया जागरूक
सूरत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र जागरण एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर ‘नेशन फर्स्ट’ की ओर से देऊसर माता मंदिर, मेहंदीपुर बालाजी के पास विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व DGP विक्रम सिंह ने ‘क्राइम फ्री सूरत’ विषय पर नागरिकों को अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साकेत के स्तंभ एवं राजस्थान युवा संघ के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि देकर हुई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं और तिरंगा यात्रा निकालकर ‘सुरक्षित सूरत—जिम्मेदार सूरत’ का संदेश दिया।
साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील
पूर्व DGP विक्रम सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि जनता की जागरूकता और भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की। उन्होंने साइबर क्राइम, हनी ट्रैप से बचने तथा ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी।

आंतरिक सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को भाषा, पहनावे या धर्म के आधार पर संदिग्ध नहीं मानना चाहिए। वास्तविक संदेह होने पर पुलिस को सूचना देकर कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग करने और नशे व अपराध से दूर रहने का आह्वान किया।
साकेत के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया ने कहा कि जनभागीदारी से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त सूरत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में अनिल रुंगटा, विमल पोदार, केतन लापसीवाला, नंदकिशोर शर्मा, गिरधारी राजपुरोहित, राजेंद्र चौधरी सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




