खिलते संस्कार’ कार्यक्रम में बच्चों ने दिया गीता ज्ञान और संस्कारों का संदेश
सामूहिक नृत्य-पाठ, संस्कारों पर आधारित नाटिका और गेम स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

‘सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन एवं ‘गीता बाल संस्कार’ परिवार की ओर से नरेंद्र पंचासरा भवन, मगोब में ‘खिलते संस्कार’ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीणा तोशनीवाल एवं अध्यक्ष प्रतिभा मोलासरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा गीता प्रार्थना के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने श्रीमद्भगवद्गीता के 12वें एवं 15वें अध्याय का सामूहिक नृत्य-पाठ प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। वहीं ‘गीता संस्कार’ पर आधारित नाटिका के माध्यम से बच्चों ने संस्कारों, नैतिक मूल्यों और जीवन में अच्छे आचरण के महत्व का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा विभिन्न गेम स्टॉल भी लगाए गए, जिनका सभी ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। गीता परिवार के सभी बच्चों को उनकी सहभागिता एवं शानदार प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में महादेव संभाग की उपाध्यक्ष चंदा भूतड़ा एवं सहसचिव रेणु मुंदड़ा सहित पूरी टीम की मेहनत का विशेष योगदान रहा। साथ ही रितु राठी, ममता लड्ढा, रजनी काबरा, रंजू राठी, ललिता चांडक, पद्मा बागड़ी एवं पूजा लड्ढा सहित गीता संस्कार परिवार की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



