सिंधु सेवा समिति स्कूल के विद्यार्थियों ने खेलों में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

सूरत। सिंधु सेवा समिति स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों की सफलता से स्कूल में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के छात्र रोहित साहनी ने शितो-र्यू स्पोर्ट्स कराटे की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, स्कूल की अंडर-19 बालक कबड्डी टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल कर उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
इसके अलावा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सागर टम्टा और पुनीश औजी का चयन अंडर-19 वर्ग के लिए तथा भागीरथ रावल का चयन अंडर-17 वर्ग के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। विद्यालय परिवार ने इन उपलब्धियों को विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मैल्कम पटेल, स्कूल प्रबंधन तथा शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक ईशानी पटेल ने सभी विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है, जिससे विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन कर सकें।



