Textileसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

जैन संस्कार विधि के बढ़ते कदम

तेरापंथ युवक परिषद की चार शाखाओं का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

सूरत। तेरापंथ युवक परिषद उधना, पांडेसरा, भेस्तान एवं सचिन की चारों परिषदों का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह जैन संस्कार विधि के अंतर्गत तेरापंथ भवन, उधना में श्रद्धा, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ नवकार महामंत्र के मंगल उच्चारण से हुआ तथा मांगलिक मंत्रों एवं जैन संस्कार विधि के साथ शपथ ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न हुई।

पूज्य साध्वीश्री डॉ. परमयशाजी के पावन सानिध्य में आयोजित समारोह में सबसे पहले उधना परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष को शपथ दिलाई गई। इसके बाद अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के महामंत्री सौरभ पटावरी ने पांडेसरा, भेस्तान एवं सचिन परिषदों के नवनियुक्त अध्यक्षों को शपथ दिलाई।

तत्पश्चात तेरापंथ युवक परिषद पांडेसरा के अध्यक्ष संदीप बाबेल ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सभी पदाधिकारियों, प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। उन्होंने सेवा, संस्कार, संगठन और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से परिषद को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सौरभ पटावरी ने चारों परिषदों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन विस्तार, सेवा कार्यों और संस्कार आधारित गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। इस अवसर पर उधना सभा के अध्यक्ष नेमीचंद पोरवाल, महासभा के लक्ष्मीलाल बाफना, अणुव्रत ग्रेटर के रतन भलावत, तेरापंथ महिला मंडल उधना की महिमा चौरड़िया, पांडेसरा शाखा प्रभारी अमित गन्ना, उधना शाखा प्रभारी कुलदीप कोठारी तथा भेस्तान शाखा प्रभारी उत्कर्ष खाब्या ने भी अपने प्रेरक उद्बोधन दिए।

कार्यक्रम के अंत में साध्वीश्री डॉ. परमयशाजी ने अपने मंगल पाथेय में सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं संस्कारमय जीवन का संदेश देते हुए सभी नवदायित्वधारियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

जैन संस्कार विधि का संचालन मिश्रीमल नंगावत, जसवंत डांगी, विकास कोठारी, मनोज बाबेल एवं कुशल चण्डालिया ने किया। समारोह में पांडेसरा परिषद के समस्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रभारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति रही। संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह ने चारों परिषदों की एकता, समन्वय और संस्कारमयी परंपरा को नई मजबूती प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button